देवास। खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी हत्याकांड और अंतरराज्यीय शराब तस्करी मामले में देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी और शराब तस्करी सिंडिकेट की अहम कड़ी मनीष जायसवाल को गुजरात से गिरफ्तार किया है। उसे खातेगांव लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने रिमांड पर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क में मनीष की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

गुजरात से गिरफ्तारी, रिमांड पर लेकर पूछताछ
देवास पुलिस की विशेष टीमों ने गुजरात में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मनीष जायसवाल को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश से गुजरात तक फैले अवैध शराब तस्करी नेटवर्क में मनीष की अहम भूमिका थी। वह कारोबार के वित्तीय प्रबंधन और संचालन से जुड़ा हुआ था।
पुलिस अब उससे हत्याकांड और शराब तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ में सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और कथित बेनामी संपत्तियों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।
राहुल, विजय, केरम और अक्कू समेत कई आरोपी गिरफ्तार
दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें राहुल जायसवाल, विजय राव, केरम सिंह चंगोड़, टिमरनी शराब दुकान का एरिया मैनेजर भूपेंद्र राणा और गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू शामिल हैं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी अक्कू और धीरज पैर में गोली लगने से घायल हुए थे। इलाज के बाद दोनों को पुलिस हिरासत में लिया गया था।
हरदा-टिमरनी में छापेमारी, बैंक खातों और FASTag की जांच
हत्याकांड के बाद पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े वित्तीय नेटवर्क की भी जांच तेज कर दी है। हरदा और टिमरनी में शराब कारोबार से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने हिसाब-किताब की डायरियां, बिक्री के रिकॉर्ड और नकदी जब्त की है।
जांच में आरोपी केरम सिंह की पत्नी के कियोस्क बैंक खाते से ट्रक की फाइनेंसिंग कराए जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा पिछले छह महीने के FASTag डेटा की जांच की जा रही है, ताकि गुजरात तक शराब की कथित अवैध सप्लाई के रूट का पता लगाया जा सके।
एक आरोपी की अहमदाबाद में मौत, पटेंद्र जायसवाल की तलाश
मामले में शामिल आरोपी मोहीन जायसवाल की गुजरात के अहमदाबाद में मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं, पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पटेंद्र जायसवाल अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मनीष जायसवाल से पूछताछ के बाद हत्याकांड और अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकता है।