बालोद। जिले के बोहराडीह-मुजगहन गांव में स्थित 220/132 केवी सब-स्टेशन गुरूर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों के साथ आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद विद्युत उपकेंद्र और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

160 MVA ट्रांसफार्मर में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग गुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 220/132 केवी सब-स्टेशन में लगे 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में लगी। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे पावर हाउस के लिए खतरा पैदा हो गया।
घटना की सूचना गुरूर थाना पुलिस को भी दी गई है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
132 KV फीडरों पर पड़ा असर
ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद 220 केवी से निकलने वाले सभी 132 केवी फीडरों के लोड को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी से इस सब-स्टेशन को सीधे बिजली आपूर्ति की जाती है।
आग की घटना के बाद विद्युत विभाग की टीम भी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन सामने नहीं आया है।
एक दिन पहले CT भी हुआ था क्षतिग्रस्त
बताया जा रहा है कि गुरूर सब-स्टेशन में इससे पहले बुधवार रात नंबर-1 CT (करंट ट्रांसफॉर्मर) भी क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके अगले दिन 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना सामने आई है।
लगातार दो घटनाओं के बाद सब-स्टेशन की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, आग लगने के कारणों और दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
आग पर काबू पाने के प्रयास जारी
फिलहाल सब-स्टेशन में आग पर नियंत्रण पाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना में किसी जनहानि की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। विद्युत विभाग की जांच के बाद ही आग लगने की वजह और ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।