रायपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चांदी वर्क बेचने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में अलग-अलग दुकानों से विभिन्न ब्रांड के चांदी वर्क के पांच विधिक नमूने लिए गए हैं। वहीं, एक प्रतिष्ठान से श्री ब्रांड के आठ पैकेट जब्त किए गए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के उप संचालक विनोद गुप्ता ने बताया कि संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
विभागीय टीम ने गोलबाजार स्थित लक्ष्मण दास सेल्स से अनूप ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया। न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शक्ति, श्री और शुभ ब्रांड सिल्वर लीव्स के नमूने संग्रहित किए गए। इसी प्रतिष्ठान से श्री ब्रांड सिल्वर लीव्स के आठ पैकेट जब्त भी किए गए।
इसके अलावा मेसर्स दौलत राम दीवान से शाही ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
विभाग के अनुसार, कुल पांच विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहां इनकी गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में निरीक्षण के निर्देश
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (IAS) ने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित और सघन निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। विभाग ने कहा है कि मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण या बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।