छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। गलत संगत से बचाने और देर रात घर से बाहर जाने से रोकने पर एक पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी की हत्या कर दी। आरोपी ने खाट के पाए से बुजुर्ग महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी दादी के शव के पास कमरे में बैठा रहा और खुद फोन कर अपने पिता व रिश्तेदार को हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी की है। मृतका की पहचान नरबदा कोशले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका पोता मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले है।
देर रात बाहर घूमने से रोकती थीं दादी
पुलिस के अनुसार, नरबदा कोशले अपने पोते मृत्युंजय के साथ सतनामीपारा में रहती थीं। उनके पति तिरिथराम का निधन हो चुका था। वहीं, उनका बेटा साजन कोशले परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने के लिए उंटी गया हुआ था। ऐसे में घर में दादी और पोता ही रहते थे।
बताया गया कि माता-पिता के बाहर रहने के दौरान बब्बू देर रात तक घर से बाहर घूमता रहता था। उसकी इस आदत को लेकर दादी उसे समझाती थीं और रात में बाहर जाने से रोकती थीं। उन्हें चिंता थी कि पोता कहीं गलत संगत में न पड़ जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
गुस्से में खाट के पाए से दादी पर किया हमला
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी नरबदा ने पोते को देर रात बाहर जाने से रोका। रोज-रोज की रोक-टोक से नाराज होकर बब्बू ने आपा खो दिया और घर में रखे खाट के पाए से दादी पर हमला कर दिया। उसने उनके सिर पर कई वार किए, जिससे बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और दरवाजा अंदर से लॉक कर दिया। वह दादी के शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन किया। फोन पर उसने दादी की हत्या करने की बात बताई और इसकी वजह भी बताई कि वह उसे रोज रात में बाहर जाने से रोकती थीं।
फोन आने के बाद भगवत महिलांगे तत्काल मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। कमरे में उनकी बहन नरबदा कोशले का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा खोला और खुद बाहर आकर पुलिस वाहन में बैठ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में पारिवारिक विवाद और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।