इंदौर। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित इंदौर शो से पहले विवाद गहरा गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को कार्यक्रम रोकने की धमकी भरा ईमेल मिलने की बात सामने आई है। महापौर ने इसकी जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी है। वहीं, दिलजीत को देशभक्त बताए जाने पर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं को घेरा है। पूर्व विधायक और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने सवाल उठाया कि अगर कार्यक्रम को देशभक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है, तो इंदौर की जनता को हजारों रुपये के टिकट खरीदने के लिए मजबूर क्यों किया जा रहा है?

शो रोकने की धमकी वाला ईमेल, महापौर ने पुलिस को भेजा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि उनके ईमेल पर दिलजीत दोसांझ का शो नहीं होने देने की धमकी वाला संदेश आया है। उन्होंने इसे पुलिस कमिश्नर को फॉरवर्ड कर दिया है।
महापौर का कहना है कि इंदौर पुलिस ऐसी धमकियों से निपटने में सक्षम है। किसी भी धमकी के कारण शहर में होने वाले कार्यक्रम प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभक्त लोगों के कार्यक्रम इंदौर में होते रहने चाहिए और धमकियों से आयोजनों को रोकने की कोशिश सफल नहीं होगी। हालांकि, ईमेल की प्रकृति और उसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच पुलिस करेगी।
‘देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने का टेंडर BJP ने ले रखा है’
महापौर के बयान पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने भाजपा नेताओं पर देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली के भाजपा नेताओं के बाद अब इंदौर के नेताओं ने भी देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने का टेंडर ले लिया है।
वानखेड़े ने महापौर से सवाल किया कि अगर दिलजीत दोसांझ को देशभक्त बताया जा रहा है, तो उनका इंदौर शो मुफ्त में क्यों नहीं कराया जाता? कांग्रेस नेता ने कहा कि देशभक्ति का संदेश देने वाले कार्यक्रम के लिए आम जनता की जेब पर बोझ क्यों डाला जा रहा है?
हजारों रुपये के टिकट और करोड़ों की कमाई पर सवाल
कांग्रेस ने शो के टिकटों की कीमत और कलाकार की कमाई को भी मुद्दा बनाया है। वानखेड़े का कहना है कि कार्यक्रम के टिकट हजारों रुपये में बेचे जा रहे हैं और कलाकार यहां से करोड़ों रुपये कमाकर जाएंगे। ऐसे में यदि कार्यक्रम को देशभक्ति से जोड़कर पेश किया जा रहा है, तो इंदौर की जनता को इसे मुफ्त में देखने का अवसर मिलना चाहिए।
दिलजीत के पुराने बयानों और खालिस्तान के मुद्दे पर भी टिप्पणी
वानखेड़े ने दिलजीत दोसांझ के पुराने बयानों और खालिस्तान के मुद्दे पर उनके रुख को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी को देशभक्त बताने से पहले उसके पुराने बयानों और विचारों को भी देखा जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिलजीत दोसांझ के बीच सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाली नजदीकी पर भी राजनीतिक टिप्पणी की।
शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर महापौर पर निशाना
कांग्रेस ने इस विवाद के बहाने महापौर को शहर की व्यवस्थाओं पर भी घेरा। वानखेड़े ने कहा कि महापौर की प्राथमिकता पानी, सड़क और ट्रैफिक जैसी समस्याओं का समाधान होना चाहिए, लेकिन उनका ध्यान इन मुद्दों के बजाय दिलजीत के कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े बयानों पर है।
शो से पहले दो मोर्चों पर विवाद
दिलजीत दोसांझ का इंदौर शो अब धमकी भरे ईमेल और राजनीतिक बयानबाजी, दोनों को लेकर चर्चा में है। एक ओर पुलिस को ईमेल की जांच करनी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने महापौर से मुफ्त शो कराने की चुनौती दी है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या सामने आता है और महापौर कांग्रेस के सवालों पर क्या जवाब देते हैं।