रायपुर। दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति एक क्षेत्रीय दल जैसी हो गई है। पार्टी को अब किसी पर भरोसा नहीं रह गया है। कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के हलफनामे पर भी सवाल उठा रही है। चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अराजकता पैदा करने के उद्देश्य से राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग भी कांग्रेस के इस प्रदर्शन का विरोध कर रहा है।

खड़गे के बयान पर बोले- रोज दोहराने लायक बात नहीं
कांग्रेस के दिल्ली आंदोलन को लेकर भाजपा की ओर से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट—“कृपया उन्हें भेजें, खड़गे जी बोलेंगे तुम नहीं आओगे तो तुम्हारा बाप भी आयेगा”—पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे की भाषा की देशभर में निंदा हुई है। अब इस मुद्दे को यहीं समाप्त कर देना चाहिए। यह इतना बड़ा वाक्यांश नहीं है कि इसे रोज दोहराया जाए।
भिलाई में 4 करोड़ रुपये की नकदी मिलने पर कांग्रेस पर पलटवार
भिलाई में 4 करोड़ रुपये की नकदी पकड़े जाने के मामले में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के उस तंज पर भी चंद्राकर ने पलटवार किया, जिसमें उन्होंने पैसे के संघ कार्यालय जाने की बात कही थी।
चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष को इस मामले में कुछ भी जानकारी नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि नकदी नागपुर, दिल्ली या मुंबई जा रही थी, इसका आधार क्या है?
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों से कट चुकी है। वह ऊल-जुलूल बयान देकर केवल सुर्खियों में बने रहने का प्रयास करती है। चंद्राकर के मुताबिक, कांग्रेस के पास राजनीति करने के लिए कोई ठोस तथ्य नहीं हैं।