November 27, 2026

भोपाल। दिल्ली में आयोजित रैली में शामिल नहीं होने पर मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के 60 पदाधिकारियों को निलंबित किए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस कार्रवाई को लेकर जहां संगठन के भीतर सवाल उठ रहे हैं, वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। मामले में कांग्रेस संगठन की ओर से सफाई दी गई है कि पदाधिकारियों को स्थायी रूप से निष्कासित नहीं किया गया है।

कारण बताओ नोटिस जारी करेगा संगठन

कांग्रेस के संगठन महासचिव संजय कामले ने कहा कि यदि किसी पदाधिकारी को वास्तविक पारिवारिक परेशानी थी, तो उसे कार्रवाई से पहले प्रदेश अध्यक्ष या प्रभारी को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित पदाधिकारियों को केवल निलंबित किया गया है, पार्टी से निष्कासित नहीं किया गया। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। यदि उनका जवाब संतोषजनक पाया जाता है, तो उन्हें दोबारा बहाल किया जा सकता है।

भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर साधा निशाना

इस मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का अपनी ही पार्टी के नेतृत्व और राहुल गांधी पर भरोसा नहीं रह गया है, इसलिए वे दिल्ली की रैली में शामिल नहीं हुए।

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर रही है, जबकि विवादित बयान और भ्रम फैलाने के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों के निलंबन के बाद अब यह मामला संगठनात्मक अनुशासन के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *