November 8, 2026

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे और बस्तर दशहरा को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को मजाक बनाकर रख दिया है और स्थानीय रीति-रिवाजों व परंपराओं के साथ छेड़छाड़ की गई है। बैज ने यह सवाल भी उठाया कि राष्ट्रपति के दो बार बस्तर आने से क्षेत्र को क्या लाभ मिला?

दीपक बैज ने कहा कि बस्तर दशहरा की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजन से जुड़े छायाचित्रों के गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने का भी आरोप लगाया। नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि 4,000 से अधिक नक्सली जेलों में बंद हैं और कुछ बड़े नक्सली सरकार के संरक्षण में हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पास उन्हें रिहा करने की शक्ति है।

इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होंगे हजारों कांग्रेसी

दिल्ली में इंडिया गठबंधन के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी दीपक बैज ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को देश की राजधानी में गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित होगी, जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेसी शामिल होंगे।

बैज के मुताबिक, यह प्रदर्शन कथित वोट चोरी और एसआईआर (SIR) के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटे जाने के मुद्दे पर होगा। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी प्रदर्शन किया जाएगा।

स्मृति ईरानी के दौरे पर भी साधा निशाना

भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर तंज कसते हुए बैज ने सवाल किया कि क्या वह भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी कम कर पाएंगी?

उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए महंगाई के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। बैज ने पूछा कि क्या लोगों को 13 रुपये किलो में शक्कर और 400 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा? उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीबी और बड़ी नेता हैं, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि इन सवालों पर भी कुछ होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *