November 5, 2026

भोपाल। दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी भोपाल में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आम लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की टीमें शहर के प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण कर रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को न्यू मार्केट की चार दुकानों पर जांच कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

न्यू मार्केट की इन 4 दुकानों पर हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिकायतों और जांच के आधार पर न्यू मार्केट स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान इन दुकानों से नमूने लिए गए:

  • ग्वालियर गजक एंड स्वीट्स भंडार: शिकायत मिलने के बाद यहां से पेंशन के लड्डू का नमूना लिया गया।
  • आदर्श नमकीन सेंटर: दुकान से नमकीन सेव और उसे बनाने में इस्तेमाल हो रहे सोयाबीन तेल का सैंपल लिया गया।
  • सागर जलेबी कॉर्नर: यहां से जलेबी और मावा जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए गए।
  • अग्रवाल प्रोविजनल स्टोर: टीम ने यहां से बादाम का नमूना लिया।

सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली पर मिठाई खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने लोगों से खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

  • खुली मिठाई से बचें: साफ-सुथरी और ढकी हुई मिठाइयों को प्राथमिकता दें।
  • अखबार में रखी सामग्री न खरीदें: अखबारी कागज की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
  • रंग और गंध पर ध्यान दें: किसी खाद्य पदार्थ के रंग, गंध या स्वाद में असामान्यता लगे तो उसका सेवन न करें।
  • पैकेट की तारीख जांचें: पैक्ड मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग, मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर देखें।

खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत कहां करें?

अगर आपको किसी खाद्य सामग्री में मिलावट या गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ी की आशंका है, तो इन माध्यमों से शिकायत दर्ज करा सकते हैं:

  • मध्यप्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग: 0755-2660662
  • ईमेल: fdampbhopal@gmail.com
  • ऑनलाइन पोर्टल: https://fdamp.mponline.gov.in/
  • राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन: 1800-11-2100
  • FSSAI Food Safety Connect ऐप: ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर उसकी स्थिति ट्रैक की जा सकती है।
  • राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स: 0755-2666058
  • सीएम हेल्पलाइन: 181

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *