गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपये बरामद किए हैं। मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में रकम निकालने पहुंचे दो महिला सरेंडर नक्सलियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह रकम नक्सलियों ने ठेकेदारों और आम नागरिकों को डराकर अवैध वसूली के जरिए जुटाई थी। दोनों महिला आरोपियों ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण किया था, लेकिन पुलिस का आरोप है कि वे नक्सली संगठन के लिए छिपाई गई रकम निकालने जंगल पहुंची थीं।

जंगल से बैग लेकर लौटते समय पकड़े गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजाडेरा पहाड़ी के पास जंगल में नक्सलियों का छिपाया हुआ कैश डंप निकालने कुछ लोग पहुंचने वाले हैं। इसके आधार पर मैनपुर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान जंगल से बैग लेकर लौट रहे संदिग्धों ने पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान काले रंग के बैग में रखे टिफिन से 500-500 रुपये के नोटों के बंडल मिले। पुलिस ने कुल 21 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
नक्सली कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सिंगे उर्फ रोशनी निवासी ग्राम गामगुलावर, जिला सुकमा शामिल है। वह नक्सली कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है।
दूसरी महिला आरोपी बुधरी मुचाकी उर्फ बुदरी उर्फ सोनी निवासी एटेगट्टा, जिला सुकमा है। पुलिस ने उसे सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर बताया है। तीसरा आरोपी नोहर मरकाम निवासी ग्राम भुतबेड़ा, थाना मैनपुर है, जिसे नक्सलियों का सहयोगी बताया गया है।
2024 में जंगल में छिपाई गई थी रकम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद 21 लाख रुपये वर्ष 2024 में नक्सली कमांडर चलपति ने राजाडेरा जंगल में पहाड़ी के पास जमीन के अंदर छिपाए थे। यह रकम कथित तौर पर ठेकेदारों और आम लोगों को डराने-धमकाने के बाद अवैध वसूली के जरिए जुटाई गई थी।
पुलिस का आरोप है कि दोनों महिला सरेंडर नक्सलियों ने पुनर्वास कैंप में रहते हुए रकम निकालने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने अपने पुराने सहयोगी नोहर मरकाम की मदद ली और जंगल पहुंचीं।
UAPA समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 17, 18, 20, 38 और 40 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है और बरामद रकम के स्रोत तथा नक्सली नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।