November 19, 2026

गरियाबंद। जिले के छुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत पोंड़ में रेत के कथित अवैध भंडारण और परिवहन का मामला सामने आया है। कुगदा बांध रोड स्थित एक निजी जमीन पर बड़ी मात्रा में रेत जमा किए जाने और हाइवा वाहनों से उसका परिवहन होने का आरोप लगाया गया है। मामले में शासन को लाखों रुपये के खनिज राजस्व का नुकसान होने की आशंका जताई गई है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने मांगे जरूरी दस्तावेज

भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने ग्राम पोंड़ में बड़े पैमाने पर रेत भंडारण की अनुमति को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने संबंधित कारोबारियों के पास भंडारण अनुज्ञप्ति, रॉयल्टी और परिवहन के लिए ई-ट्रांजिट पास जैसे जरूरी दस्तावेज होने की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

सिन्हा का कहना है कि खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर नियंत्रण की जिम्मेदारी खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की है। ऐसे में यदि लंबे समय से क्षेत्र में रेत का भंडारण और हाइवा से परिवहन हो रहा है, तो संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।

संयुक्त जांच दल गठित करने की मांग

भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने प्रशासन से ग्राम पोंड़ में संयुक्त जांच दल भेजकर मौके पर रखी रेत की वास्तविक मात्रा का सत्यापन कराने की मांग की है। उन्होंने भंडारण की अनुमति, रॉयल्टी, ई-ट्रांजिट पास, हाइवा वाहनों के दस्तावेज और अब तक किए गए परिवहन की भी जांच कराने की बात कही है।

उनका कहना है कि जांच के आधार पर शासन को हुए संभावित राजस्व नुकसान का आकलन किया जाना चाहिए।

अवैधता मिलने पर कार्रवाई की मांग

सिन्हा ने कहा कि यदि जांच में अवैध भंडारण और परिवहन की पुष्टि होती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत अथवा लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि खनिज संपदा सार्वजनिक संसाधन है और इसके अवैध दोहन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *