November 19, 2026

कवर्धा। कबीरधाम जिले में निर्माण के कुछ महीने बाद ही सड़क क्षतिग्रस्त मिलने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कार्रवाई की है। विभाग ने ग्राम बानौ से कान्हाभैरा तक बनी 6.70 किलोमीटर सड़क की खराब गुणवत्ता और हिस्सों के धंसने के मामले में ठेकेदार सहित तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को नोटिस जारी किया है।

निरीक्षण में कई जगह सड़क धंसी मिली

विभाग को सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को PWD कवर्धा संभाग के कार्यपालन अभियंता, बोड़ला उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता ने संयुक्त रूप से मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क के कई हिस्सों में पूरी चौड़ाई में और कुछ स्थानों पर बाईं ओर का हिस्सा धंसा हुआ पाया गया। विभाग के मुताबिक, इन हिस्सों को उखाड़कर जीएसबी सतह से निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा सुधारने की जरूरत है।

ठेकेदार को सात दिन में सुधार का अल्टीमेटम

PWD ने ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल को नोटिस जारी कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत सात दिनों के भीतर कराने और काम के फोटोग्राफ कार्यपालन अभियंता को सौंपने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि तय समय में सुधार नहीं होने पर अनुबंध के प्रावधानों के अनुसार ठेकेदार के जोखिम और लागत पर मरम्मत कराई जाएगी। इसका भुगतान रोकी गई परफॉर्मेंस गारंटी की राशि से किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।

उल्लेखनीय है कि 6.70 किलोमीटर लंबे बानौ-कान्हाभैरा मार्ग का निर्माण पुल-पुलियों सहित इसी साल फरवरी में पूरा किया गया था। सड़क फरवरी 2031 तक पांच साल की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है।

तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को भी नोटिस

निरीक्षण में निर्माण अवधि के दौरान सड़क का पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं किए जाने की बात सामने आने पर विभाग ने तत्कालीन एसडीओ उमाप्रसाद जोशी और उप अभियंता एलआर छत्तरे को भी नोटिस जारी किया है।

दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर कम्पेक्शन टेस्ट की विस्तृत रिपोर्ट कार्यपालन अभियंता के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में रिपोर्ट नहीं देने पर आरोप पत्र जारी कर विभागीय जांच की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *