गोबरा नवापारा। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर आ रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। हादसे में पुल से नीचे गिरे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

पीछे से पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर आ रहे थे। दोनों जैसे ही नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे, पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर काफी दूर जा गिरे।
अस्पताल पहुंचने के बाद देवेंद्र की मौत
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
वहीं घायल सुनील जैन को भी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद महानदी पुल पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद महानदी पुल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।
पिकअप चालक भी हुआ अचेत
हादसे के बाद पिकअप चालक भी अचेत हो गया, जिसे नवापारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की बात कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।