नवा रायपुर। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा की ओर से नवा रायपुर में तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और बहू ऐश्वर्या सिंह समेत प्रदेशभर से महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तीज मिलन समारोह में CM साय ने किया संबोधित
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीज मिलन उत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि तीज के अवसर पर विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए सभी के अखंड सौभाग्य की कामना की।
सीएम साय ने कहा कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही माताओं और महिलाओं का विशेष महत्व रहा है। त्रेता, द्वापर और सतयुग सभी कालखंडों में नारी सम्मान को महत्व दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी माताओं-बहनों के सम्मान के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
महतारी वंदन योजना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उनके मुताबिक, योजना के तहत पौने तीन साल में 31 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई है।
सीएम साय ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि पहुंच रही है।
ढाई साल में 18 लाख से ज्यादा आवास बनाने का दावा
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में ढाई साल के दौरान 18 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के परिवारों तक बिजली, नल का पानी और गैस सिलेंडर पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान भारत की वैक्सीन निर्माण क्षमता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश ने अपनी वैक्सीन तैयार की और बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया गया।
13 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं।
सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सरकार की योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।