November 10, 2026

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में पुराने मकान का छज्जा तोड़ते समय बड़ा हादसा हो गया। ऊंचाई से गिरकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नरेंद्र साहू की मौत हो गई। वहीं, दूसरे मजदूर पंकज यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका सिम्स में उपचार जारी है।

छज्जा तोड़ते समय नीचे गिरे दोनों मजदूर

मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र साहू और पंकज यादव कपिल नगर में एक पुराने मकान का छज्जा तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान नरेंद्र साहू ने दम तोड़ दिया, जबकि पंकज यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद मृतक और घायल मजदूर के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां नहीं बरती गईं।

हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए किसकी जिम्मेदारी है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सुरक्षा इंतजामों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छज्जा तोड़ने के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे या नहीं।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *