बस्तर। केके रेललाइन पर लैंडस्लाइड की घटना के कारण प्रभावित यात्री ट्रेन सेवा आखिरकार 38 दिनों बाद फिर से बहाल कर दी गई है। रेललाइन पर भूस्खलन के बाद तीन ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और दो ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था। अब शॉर्ट टर्मिनेट की गई तीनों ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है।

तीन ट्रेनों का परिचालन फिर शुरू
बहाल की गई ट्रेनों में किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर, जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस और जगदलपुर-हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस शामिल हैं। इनके दोबारा चलने से बस्तर के यात्रियों को राहत मिलेगी और रेल संपर्क फिर सामान्य होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
दो रद्द ट्रेनों के शुरू होने का इंतजार
लैंडस्लाइड के बाद रद्द की गई जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस का संचालन भी जल्द शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इनके परिचालन की आधिकारिक तारीख की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।