November 25, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा किसान मोर्चा बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी में है। प्रदेश के 27 हजार मतदान केंद्रों पर ‘किसान मितान’ का गठन किया जाएगा। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने यह जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।

हर बूथ पर होंगे 10 कार्यकर्ता

बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा संगठन विस्तार के लिए नए प्रयोग कर रही है। किसान मितान के जरिए संगठन को मतदान केंद्र स्तर तक मजबूत किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 10 कार्यकर्ता किसानों से जुड़ी समस्याओं को समझेंगे और उनकी बात सरकार तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसान मितान एक नया कॉन्सेप्ट है। इसके तहत कार्यकर्ता किसानों के लगातार संपर्क में रहेंगे और खेती-किसानी से जुड़ी उनकी जरूरतों व जमीनी समस्याओं की जानकारी सरकार तक पहुंचाएंगे।

किसानों की मजबूती के लिए योजनाओं पर जोर

गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के लिए कई योजनाएं बनाई हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी भाजपा के घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। सरकार किसानों का धान खरीद रही है और कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं और किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। किसान मितान के माध्यम से किसानों को खेती-किसानी में बेहतर सहयोग देने और उनकी समस्याओं को समझने का काम किया जाएगा।

धान खरीदी की अंतर राशि पर सरकार से करेंगे बात

धान खरीदी की अंतर राशि को लेकर किसानों की मांग पर गुर्जर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में किसानों को आदान सहायता के रूप में राशि दी गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री किसी भी किसान की राशि बकाया नहीं रखेंगे।

गुर्जर ने कहा कि धान खरीदी की अंतर राशि को लेकर किसानों की मांग भाजपा किसान मोर्चा सरकार के सामने रखेगा। किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन सरकार के साथ लगातार संवाद करता रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *