बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल की गवाही शुरू हुई, लेकिन समयाभाव के कारण बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब शेष गवाही 16 नवंबर से दर्ज की जाएगी।

भूपेश बघेल का निर्वाचन शून्य घोषित करने की मांग
विजय बघेल ने 2023 के पाटन विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि चुनाव के दौरान भूपेश बघेल ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया था।
याचिकाकर्ता ने मतदान से पहले लागू 48 घंटे की प्रचार-निषेध अवधि के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में रैली निकालने का आरोप लगाया है। विजय बघेल ने हाईकोर्ट से भूपेश बघेल का निर्वाचन शून्य घोषित करने की मांग की है।
समय-सीमा को लेकर भी उठाई गई थी आपत्ति
इस चुनाव याचिका पर भूपेश बघेल की ओर से आपत्ति पेश की गई थी। इसमें तर्क दिया गया था कि याचिका निर्धारित समय-सीमा के बाद दायर की गई है। इस आपत्ति से जुड़े आवेदन पर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान विजय बघेल की गवाही की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई थी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद भूपेश बघेल की ओर से इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया गया था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब मामला हाईकोर्ट में आगे बढ़ रहा है।
16 नवंबर से फिर दर्ज होगी गवाही
मामले में विजय बघेल के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन समय की कमी के कारण उनकी गवाही अधूरी रह गई। अब 16 नवंबर से आगे की गवाही दर्ज की जाएगी।