November 29, 2026

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस में एक युवक का पुलिस अधिकारी को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुद को पूर्व पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा का भतीजा बताते हुए पुलिस अधिकारियों पर धौंस जमाता और चेतावनी देता नजर आ रहा है। वहीं, कोलारस SDOP संजय मिश्रा उसे कानून का पालन करने की नसीहत देते दिखाई दे रहे हैं।

फोरलेन पर चक्काजाम के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कोलारस के पास धाकड़ समाज के एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला था। घटना से नाराज समाज के लोगों ने न्याय की मांग को लेकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया था।

प्रदर्शनकारियों को समझाने और रास्ता खुलवाने के लिए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान रिंकू धाकड़ नाम के युवक पर ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप है।

इसके बाद युवक SDOP संजय मिश्रा के सामने पहुंचा और खुद को पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा का भतीजा बताते हुए पुलिस को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देने लगा।

SDOP ने कहा- कानून सबके लिए बराबर

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में SDOP संजय मिश्रा युवक को संयमित तरीके से समझाते नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं कि पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करना और कानून-व्यवस्था बिगाड़ना गलत है। कानून देश के हर नागरिक के लिए समान है।

रिंकू धाकड़ समेत अन्य प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज

SDOP संजय मिश्रा ने मीडिया को बताया कि आरक्षक के साथ अभद्रता और पुलिस को धमकाने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। फोरलेन पर अवैध रूप से जाम लगाने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत रिंकू धाकड़ सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक रसूख का हवाला देकर पुलिस पर दबाव बनाने के आरोपों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *