November 29, 2026

धार। दीपावली के अगले दिन देशभर में गोवर्धन पूजा की जाती है, लेकिन मध्य प्रदेश के धार जिले के दसई गांव में इस अवसर पर एक अनोखी परंपरा निभाई जाती है। यहां गाय गोहरी पर्व के दौरान मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु जमीन पर लेट जाते हैं और उनके ऊपर से सजी-धजी गायों और बैलों का झुंड गुजरता है। ग्रामीण इसे गौमाता के प्रति आस्था और विश्वास का प्रतीक मानते हैं।

गाय-बैलों को सजाकर किया जाता है विशेष पूजन

गाय गोहरी पर्व को लेकर गांव में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहता है। आयोजन से पहले गौवंश की विशेष देखभाल और सजावट की जाती है। गायों और बैलों के शरीर पर पारंपरिक रंग लगाए जाते हैं। उनके गले में घंटियां और फूलों की मालाएं पहनाई जाती हैं।

इसके बाद उन्हें विशेष चारा खिलाकर पूजन किया जाता है। ग्रामीण गौमाता से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

जमीन पर लेटते हैं मन्नतधारी, ऊपर से गुजरता है गौवंश

इस परंपरा का सबसे खास और जोखिम भरा हिस्सा तब होता है, जब मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु जमीन पर पेट के बल लेट जाते हैं। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में सजी-धजी गायों और बैलों का झुंड उनके ऊपर से गुजरता है।

स्थानीय लोगों और बुजुर्गों का विश्वास है कि इस परंपरा में शामिल होने से गौमाता का आशीर्वाद मिलता है। मान्यता के अनुसार, इससे जीवन के संकट दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति व समृद्धि आती है।

भगवान श्रीकृष्ण के समय से जुड़ी है मान्यता

क्षेत्र के ग्रामीण रामप्रमार के अनुसार, गाय गोहरी पर्व की परंपरा बेहद प्राचीन मानी जाती है और इसे भगवान श्रीकृष्ण के समय से जोड़कर देखा जाता है। ग्रामीणों के बीच मवेशियों के प्रति श्रद्धा और प्रेम की यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है।

इस पर्व में ‘झालर-मोगर’ का भी विशेष महत्व बताया जाता है। गांव के बुजुर्गों से मिली परंपरा को नई पीढ़ी भी पूरी आस्था के साथ आगे बढ़ा रही है।

लोक संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है गाय गोहरी

दसई गांव का गाय गोहरी पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय लोकसंस्कृति और ग्रामीण जीवन से जुड़ी परंपरा का हिस्सा है। आधुनिक दौर में भी गांव के लोग इसे उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं।

पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा गौवंश के प्रति ग्रामीणों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *