जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ ने ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी पद पर राव पुष्पेंद्रसिंह की नियुक्ति बरकरार रखी है। न्यायमूर्ति विवेक जैन की पीठ ने ज्येष्ठाधिकार के आधार पर फैसला सुनाते हुए राव विनय प्रताप सिंह की अपील खारिज कर दी। अदालत ने खंडवा जिला न्यायालय के पूर्व फैसले को भी सही ठहराया है।

राव देवेंद्र सिंह के निधन के बाद खाली हुआ था पद
इस विवाद की शुरुआत 4 सितंबर 2025 को राव देवेंद्र सिंह के निधन के बाद हुई। उनके निधन से ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी का पद खाली हो गया था। इसके बाद राव पुष्पेंद्रसिंह ने उत्तराधिकार और ज्येष्ठाधिकार के आधार पर जिला न्यायालय में पद पर नियुक्ति का दावा किया।
25 नवंबर 2025 को तत्कालीन जिला न्यायाधीश अनिल चौधरी ने राव पुष्पेंद्रसिंह के पक्ष में फैसला सुनाया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए राव विनय प्रताप सिंह ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी।
ज्येष्ठाधिकार के आधार पर नियुक्ति को सही माना
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने माना कि ज्येष्ठाधिकार के अनुसार परिवार की वरिष्ठ शाखा का सदस्य प्रबंधक न्यासी पद का अधिकारी है। अदालत के मुताबिक, राव शिवशरण सिंह के बड़े पुत्र राव पुष्पेंद्रसिंह की नियुक्ति जिला न्यायालय ने उचित आधार पर की थी।
गौरतलब है कि वर्ष 1999 में अदालत ने राव देवेंद्र सिंह को ट्रस्टी नियुक्त किया था। बाद में सदस्यों की सहमति से उन्होंने स्थायी प्रबंधक ट्रस्टी की जिम्मेदारी संभाली थी।
समर्थकों और मंदिर कर्मचारियों ने किया स्वागत
हाईकोर्ट के फैसले के बाद राव पुष्पेंद्रसिंह के ओंकारेश्वर पहुंचने पर समर्थकों और मंदिर कर्मचारियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान के दर्शन किए और अभिषेक किया।
राव पुष्पेंद्रसिंह वर्तमान में मांधाता राजपरिवार के राजा के रूप में गद्दी पर आसीन हैं। इसके साथ ही वे पुनासा जनपद पंचायत के अध्यक्ष और श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।