November 25, 2026

UAE ने अब तक भारत सरकार को नहीं दी आधिकारिक सूचना; सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रिमांड के बाद जांच एजेंसियों की नजर रवि उप्पल पर

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में एक और बड़ी खबर सामने आई है। ऐप के सह-संचालक और कथित सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से भारत सरकार को अब तक गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) उसे भारत लाने की तैयारी में जुटे हैं।

अनौपचारिक माध्यमों से मिली गिरफ्तारी की जानकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जांच एजेंसियों को अनौपचारिक माध्यमों से रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। हालांकि, UAE की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एजेंसियां अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।

यह घटनाक्रम महादेव सट्टा ऐप के एक अन्य प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण के करीब पांच दिन बाद सामने आया है।

दिसंबर 2023 में भी दुबई में हिरासत में लिया गया था

भिलाई निवासी रवि उप्पल पर दुबई से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन करने का आरोप है। उसके खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। दिसंबर 2023 में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद रिहा कर दिया गया। इसके बाद जनवरी 2024 में ED ने उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था।

सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड

इधर, महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसकी 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की। साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी दी गई।

सट्टा नेटवर्क और लेन-देन को लेकर होगी पूछताछ

रिमांड के दौरान CBI सौरभ चंद्राकर से महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर सकती है। रवि उप्पल की गिरफ्तारी की खबर के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई और प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर भी नजर बनी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *