November 19, 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी और रायपुर की अदालत में पेशी को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाया गया है। उससे पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आएंगे।

अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को हीरो बताए जाने संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह अमित जोगी की सोच का परिणाम है और वे अपनी सोच के अनुरूप ही अपनी क्वालिटी बता रहे हैं।

पदयात्रा को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार

मुख्यमंत्री साय आज जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने जा रहे हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने पदयात्रा को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी।

सीएम ने कहा कि लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों से है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी।

इमरजेंसी और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डाला गया और मीडिया की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर जनता द्वारा चुनी गई सरकारों को बर्खास्त किया।

साय ने कहा कि कांग्रेस जब लोकतंत्र की बात करती है तो यह हास्यास्पद लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उसे जनता का जनादेश बताती है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर में पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *