November 4, 2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर देने और पुलिस विभाग को मजबूत बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्ष को प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इसी क्रम में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की विशेष परीक्षा जनवरी-फरवरी में आयोजित कराने की योजना है, ताकि युवाओं को नए अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में करीब 750 पदों पर भर्ती की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिला पुलिस बल में पुलिस बैंड होना चाहिए। इससे गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर जिला स्तर पर भी भव्य परेड और आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जा सकेंगी।

हर जिले में होगा पुलिस बैंड, 750 पदों पर भर्ती

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान पुलिस बैंड की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस बैंड ने मधुर भजनों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए अपनी दक्षता दिखाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व शासन के लिए भी दीपावली से कम नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 750 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके माध्यम से आगामी वर्ष में प्रदेशभर में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस की परेड को भव्य रूप दिया जा सकेगा।

नए कानूनों के अनुरूप मजबूत होगा पुलिस विभाग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस विभाग को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ नए संशोधित कानूनों के अनुरूप व्यवस्थाओं को मजबूत कर रही है। विवेचना और अनुसंधान, न्यायालयों में मामलों की प्रभावी पैरवी और अन्य जरूरी क्षेत्रों में नई भर्तियों सहित विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात 24 घंटे जनता की सेवा में जुटे रहते हैं। कई बार उन्हें अपने परिवार से दूर रहकर जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। सरकार पुलिसकर्मियों के व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन से जुड़ी जरूरतों के प्रति भी संवेदनशील है और आवश्यकता के अनुसार सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

महिला पुलिसकर्मियों को लेकर CM ने कही बड़ी बात

मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा में कार्यरत महिलाओं की जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें परिवार और बच्चों की देखभाल के साथ ड्यूटी भी निभानी पड़ती है। इसके बावजूद वे पूरी दक्षता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां पूरी करती हैं।

उन्होंने बताया कि गार्ड ऑफ ऑनर में महिला पुलिसकर्मियों को शामिल करना एक सराहनीय नवाचार है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि अब पुरानी सोच बदलने की जरूरत है। महिलाएं और बेटियां भी अपनी योग्यता, दक्षता और सामर्थ्य से हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

विजयादशमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी के पर्व को असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए। साथ ही प्रदेशवासियों को दशहरे की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *