भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पीर गेट इलाके में सोमवार को हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के साथ स्याही पोतने की घटना सामने आई। कुछ लोगों ने उनके चेहरे पर स्याही पोत दी और इस दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जातिसूचक टिप्पणी के आरोपों के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, चंद्रशेखर तिवारी पर अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगे थे। इस संबंध में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद तिवारी की ओर से माफी भी मांगी गई थी।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बीच सोमवार को पीर गेट पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके चेहरे पर स्याही पोत दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ ‘हाय-हाय’ और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।
डीजे कार्रवाई को लेकर पुलिस को धमकी देने का वीडियो भी हुआ था वायरल
चंद्रशेखर तिवारी पिछले कुछ दिनों से अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में थे। कुछ दिन पहले दशहरे पर झांकी के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इससे नाराज होकर तिवारी ने पुलिस को कथित तौर पर धमकी दी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना गया था कि यदि डीजे संचालकों पर कार्रवाई की गई तो वे शहर में आग लगवा देंगे।
फिलहाल पीर गेट पर हुई स्याही पोतने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। घटना को लेकर पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई या पक्ष की जानकारी उपलब्ध नहीं है।