November 16, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर प्रदेश के वन्यजीव पर्यटन को दो नए विकल्प मिलने जा रहे हैं। 1 नवंबर से बस्तर के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पहली बार जंगल सफारी शुरू होगी। वहीं अचानकमार टाइगर रिजर्व में केंवची गेट से बफर सफारी का नया रास्ता पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप सुबह 8 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोनों सफारी सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए बुकिंग भी शुरू होगी।

इन दोनों सुविधाओं से प्रदेश में वन्यजीव पर्यटन के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। खासकर लंबे समय तक नक्सलवाद और सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावित रहे बस्तर के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में सफारी शुरू होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पर्यटकों को क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी बन सकते हैं।

इंद्रावती में पहली बार जंगल सफारी, चार जिप्सी से शुरुआत

बस्तर का इंद्रावती टाइगर रिजर्व समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहां बाघों के अलावा छत्तीसगढ़ के राजकीय पशु वन भैंसा, गिद्ध और कई अन्य वन्यजीव प्रजातियां पाई जाती हैं। अब तक इस क्षेत्र के जंगल आम पर्यटकों की पहुंच से काफी हद तक दूर रहे हैं। सफारी शुरू होने के बाद पर्यटक यहां के वन्यजीवन को करीब से देख सकेंगे।

शुरुआती दौर में सफारी संचालन के लिए चार जिप्सी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पर्यटकों के साथ प्रशिक्षित टूर गाइड रहेंगे और सफर के दौरान चाय-नाश्ते की सुविधा भी दी जाएगी। सफारी संचालन और पर्यटकों की मेजबानी की जिम्मेदारी स्थानीय ग्रामीणों को सौंपी गई है।

इसके लिए स्थानीय युवाओं को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें सफारी संचालन, पर्यटकों की देखभाल और जंगल से जुड़ी जानकारी देने की ट्रेनिंग दी गई है। इससे युवाओं को नेचर गाइड और सफारी वाहन चालक के रूप में रोजगार मिल सकेगा।

होम स्टे और बस्तर के हस्तशिल्प को मिलेगा बाजार

इंद्रावती में सफारी शुरू होने से आसपास के गांवों की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने पर स्थानीय परिवारों के होम स्टे को बढ़ावा मिल सकता है। ग्रामीण अपने घरों में पर्यटकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था कर सकेंगे।

इसके अलावा बस्तर के पारंपरिक खानपान और स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार व्यंजनों को पर्यटकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। क्षेत्र के कारीगरों के हस्तशिल्प को भी नया बाजार मिल सकता है। इस तरह जंगल सफारी के जरिए पर्यटन को स्थानीय रोजगार और आजीविका से जोड़ने की योजना है।

अचानकमार में केंवची गेट से 50 किलोमीटर की बफर सफारी

मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व में भी 1 नवंबर से नया पर्यटन मार्ग खुलेगा। यहां केंवची गेट से बफर सफारी शुरू की जा रही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से अमरकंटक जाने वाले मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के पास स्थित यह गेट पहली बार पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। फिलहाल यहां शिवतराई गेट से सफारी संचालित होती है।

केंवची गेट से शुरू होने वाला सफारी रूट करीब 50 किलोमीटर लंबा होगा। इसका मार्ग केंवची गेट से शुरू होकर भैरोसांगफाटर, सेमर वॉच टावर (कचांदी तिराहा), कचांदी रोड, जलांगो तिराहा, दरियाबूट पेट्रोलिंग कैंप और आमाडोब बैरियर से होते हुए वापस केंवची गेट पहुंचेगा।

जिप्सी का किराया 3,500 और महारानी वाहन का 5,000 रुपये

इस सफारी रूट पर पर्यटकों के लिए एक जिप्सी और तीन महारानी वाहन उपलब्ध रहेंगे। जिप्सी से सफारी के लिए प्रति राउंड 3,500 रुपये और महारानी वाहन के लिए 5,000 रुपये किराया तय किया गया है।

पर्यटकों के ठहरने के लिए केंवची गेट के पास पर्यटन विभाग का सोनभद्र रिसॉर्ट मौजूद है। इसके अलावा आसपास कई निजी रिसॉर्ट भी हैं।

बाघ, तेंदुआ, भालू और ऊदबिलाव देखने का अवसर

अचानकमार के जंगलों में बाघ, तेंदुआ, भालू, गौर, चीतल, सांभर, कोटरी, सोनकुत्ता और जंगली सूअर सहित कई वन्यजीव पाए जाते हैं। इसके अलावा मोर और मनियारी नदी में रहने वाले ऊदबिलाव भी यहां की जैव विविधता का हिस्सा हैं।

सफारी मार्ग के आसपास कई आकर्षक स्थल भी हैं। इनमें मनियारी नदी का उद्गम स्थल और हाथी कैंप वाला सिहावल सागर, जंगल का नजारा दिखाने वाला माझी डोंगरी वॉच टावर और बाइसन की मौजूदगी के लिए पहचाना जाने वाला जल्दा ग्रासलैंड शामिल हैं।

अमरकंटक-अचानकमार-रतनपुर पर्यटन सर्किट को मिलेगा बढ़ावा

केंवची गेट खुलने से अचानकमार के पर्यटन क्षेत्र का विस्तार होगा। मानसून के दौरान बंद रही पर्यटन और ईको-टूरिज्म गतिविधियां भी फिर शुरू होंगी। नए गेट से अमरकंटक, अचानकमार और रतनपुर को जोड़कर पर्यटन सर्किट विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

अचानकमार टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्रफल 914.017 वर्ग किलोमीटर है। इसमें 626.195 वर्ग किलोमीटर कोर जोन और 287.822 वर्ग किलोमीटर बफर जोन शामिल है।

सफारी शुरू होने से होटल, रिसॉर्ट, होम स्टे, रेस्टोरेंट और स्थानीय दुकानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रशिक्षित गाइड और वाहन चालकों के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे। इस तरह इंद्रावती और अचानकमार में शुरू होने वाली सफारी से छत्तीसगढ़ के वन्यजीव पर्यटन को नई पहचान मिलने की संभावना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *