November 19, 2026

नवा रायपुर। जेल की चारदीवारी के भीतर भी प्रतिभा निखर सकती है और शिक्षा व कौशल प्रशिक्षण के जरिए जीवन को नई दिशा दी जा सकती है। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग की प्रदर्शनी इसी संदेश को सामने रख रही है। यहां बंदियों की कलात्मक प्रतिभा, कौशल विकास, शिक्षा और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

प्रदर्शनी में प्रदेश की विभिन्न जेलों में संचालित सुधारात्मक गतिविधियों को फोटो प्रदर्शनी और बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य यह बताना है कि जेलें केवल दंड देने की जगह नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक वापसी का अवसर भी प्रदान कर सकती हैं।

‘निश्चय’ कार्यक्रम से स्वरोजगार का प्रशिक्षण

प्रदर्शनी में युवा बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘निश्चय’ कार्यक्रम को प्रमुखता से दिखाया गया है। इसके तहत बंदियों को फास्ट फूड निर्माण, खाद्य सामग्री तैयार करने और अन्य रोजगारोन्मुखी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

महिला बंदियों द्वारा तैयार अचार और बंदियों के हाथों से बनी भगवान गणेश एवं मां दुर्गा की प्रतिमाएं उनके कौशल और रचनात्मकता को दर्शाती हैं। इन प्रशिक्षण गतिविधियों का उद्देश्य रिहाई के बाद बंदियों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।

चित्रकला से जूट उत्पादों तक, बंदियों की कलाकारी

विभाग के स्टॉल में बंदियों द्वारा तैयार चित्रकलाएं, जूट उत्पाद, अचार, सरसों का तेल, नमकीन और एलईडी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। ये उत्पाद प्रशिक्षण और मेहनत से विकसित उनके हुनर की झलक पेश कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में मैनपाट महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा बंदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए तस्वीर भी लगाई गई है।

स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा से जुड़ रहे बंदी

जेलों में बंदियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए संचालित स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य बंदियों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे भविष्य में बेहतर जीवन की शुरुआत कर सकें।

वासुदेव चौहान ने कंठस्थ किए गीता के 700 श्लोक

प्रदर्शनी में केंद्रीय जेल रायपुर के युवा बंदी वासुदेव चौहान की उपलब्धि भी खास आकर्षण है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के सभी 18 अध्यायों के 700 श्लोक कंठस्थ किए हैं। उनकी इस उपलब्धि को एकाग्रता, अनुशासन और अध्ययन के प्रति समर्पण की मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

हाथकरघा का चलित मॉडल भी आकर्षण

जेल विभाग के स्टॉल में कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण की जानकारी देने के लिए हाथकरघा का चलित मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही खुली जेल की व्यवस्था और बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी भी दी जा रही है।

सुधार और सम्मानजनक पुनर्वास का संदेश

जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग की यह प्रदर्शनी बंदियों के कौशल, शिक्षा और रचनात्मकता को सामने लाने का प्रयास है। यहां प्रदर्शित उत्पाद और उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि प्रशिक्षण, शिक्षा और उचित अवसरों के माध्यम से बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज में सम्मानजनक वापसी का रास्ता तैयार किया जा सकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *