रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2026 का आयोजन 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तर पर आयोजित होने वाले एक दिवसीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। इस संबंध में 27 अक्टूबर को आदेश जारी किया गया है। अलग-अलग जिलों में राज्य शासन के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मंत्रियों को इन जिलों की मिली जिम्मेदारी
शासन के आदेश के अनुसार, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
इसी तरह सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखन लाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सांसदों को इन जिलों में बनाया गया मुख्य अतिथि
कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े, बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, कबीरधाम में सांसद संतोष पाण्डेय और बलरामपुर-रामानुजगंज में सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेन्द्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इन जिलों में विधायक करेंगे कार्यक्रमों में शिरकत
मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल, कोंडागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में विधायक किरण देव मुख्य अतिथि होंगे।
विकास योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी
राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार, सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभागीय उपलब्धियों, महत्वपूर्ण योजनाओं और सफल परियोजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इस वर्ष कार्यक्रमों की मुख्य थीम ‘सुसंस्कृत नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
जिला स्तर पर स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। आयोजनों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी कार्यक्रमों में लाभान्वित किया जाएगा।
1 से 3 नवंबर तक रोशन होंगे शासकीय भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं करेंगे।
राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रमों का निर्धारण कर आयोजन की तैयारियां सुनिश्चित करें। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।