September 23, 2026

रायपुर। गणेश उत्सव के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर रायपुर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। खारून नदी के किनारे महादेव घाट में बनाए गए निर्धारित विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को विसर्जन स्थल और पूरे रूट पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

खारून नदी में नहीं होगा प्रतिमाओं का विसर्जन

नगर निगम आयुक्त ने गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) एवं शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। खारून नदी के किनारे बनाए गए विसर्जन कुंड में प्रतिमा विसर्जित करने से पहले पूजा सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थल पर रखने की व्यवस्था की जाएगी।

NGT के निर्देशों के मुताबिक प्रतिमाओं का सीधे नदी में विसर्जन नहीं किया जाएगा। इसका उद्देश्य खारून नदी के जल को प्रदूषित होने से बचाना है।

ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, सड़क पर यातायात बाधित करने वाले गणेश पंडालों के संबंध में भी प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

महादेव घाट में प्रशासनिक व्यवस्था के लिए समिति गठित

नगर निगम ने महादेव घाट स्थित गणेश विसर्जन स्थल पर संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अधिकारियों की समिति गठित की है। अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय को समिति का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

समिति में प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, प्रभारी अधीक्षण अभियंता इमरान खान, प्रभारी नगर निवेशक आभास मिश्रा, जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन-5 कमिश्नर खीरसागर नायक और उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव बाबरा को शामिल किया गया है।

समिति की जिम्मेदारी विसर्जन स्थल पर क्रेन, शामियाना, प्रकाश, माइक, गोताखोर और चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की होगी।

विसर्जन कुंड में क्रेन, गोताखोर और मेडिकल सुविधा

आयुक्त ने विसर्जन कुंड स्थल पर क्रेन, मंच, कंट्रोल रूम, टॉर्च, मोटर बोट, गोताखोर, मजबूत रस्से, लॉन्ग बूट, रेनकोट और बड़े छाते की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल को दी गई है।

होमगार्ड कार्यालय से समन्वय कर अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था के लिए कमांडेंट होमगार्ड को पत्र भेजा जाएगा।

वहीं, लाखे नगर चौक पर सर्च लाइट, पंडाल, मंच, माइक और कंट्रोल रूम की व्यवस्था जोन-5 कमिश्नर खीरसागर नायक द्वारा की जाएगी। यहां प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और चिकित्सा शिविर की व्यवस्था भी रहेगी।

विसर्जन स्थल पर चिकित्सक दल, एंबुलेंस और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव बाबरा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय करेंगे।

25 सितंबर से ट्रैक्टर-ट्रॉली और 709 वाहन रहेंगे उपलब्ध

नगर निगम ने 25 सितंबर, अनंत चतुर्दशी से विसर्जन व्यवस्था के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और 709 वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इन वाहनों को तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और लाखे नगर चौक में विसर्जन कार्य के लिए रखा जाएगा।

वाहनों के चालकों और ईंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब सहित शहर के अन्य तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं होने देने की व्यवस्था करने को कहा है।

छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर के तालाबों के किनारे अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे।

विसर्जन रूट पर रोशनी और बिजली की विशेष व्यवस्था

गणेश विसर्जन रूट से महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड और रिंग रोड तक प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता विद्युत संदीप शर्मा को दी गई है।

विसर्जन स्थल पर बिजली बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महादेव घाट पर गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान पूजन की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए जोन-8 कमिश्नर को संस्कृत कॉलेज के प्राचार्य से समन्वय कर 10 पंडितों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जर्जर भवनों का सर्वे, सड़कों की भी होगी मरम्मत

गणेश विसर्जन रूट पर स्थित सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें सूचीबद्ध करने और संबंधित मकान मालिकों को भवन दुरुस्त कराने के लिए नोटिस देने के निर्देश प्रभारी नगर निवेशक आभास मिश्रा को दिए गए हैं।

इसके अलावा विसर्जन रूट और लिंक मार्गों पर पेचवर्क, गड्ढों की मरम्मत और निर्माण सामग्री हटाने के साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित जोन कमिश्नर और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए हैं।

पेयजल और आवारा मवेशियों की भी रहेगी व्यवस्था

गणेश विसर्जन रूट और विसर्जन कुंड स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता जल नरसिंग फरेन्द्र को दी गई है।

आयुक्त ने उपायुक्त स्वास्थ्य, सभी जोन कमिश्नर और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को शहर में आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस में रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

विसर्जन कुंड स्थल पर नगर निगम के कर्मचारियों के लिए भी शिफ्टवार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *