September 23, 2026

इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की टिप्पणी के बाद हरदा से कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने ने पलटवार किया है।

बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने ‘सर्कस’ पर कसा तंज

विवाद की शुरुआत खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के बयान से हुई। उन्होंने राहुल गांधी के इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने सुना है कि इंदौर में ‘सर्कस का शो’ होने वाला है।

बीजेपी सांसद की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से आपत्ति जताई गई।

कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने ने दिया जवाब

खंडवा में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पहुंचे हरदा विधायक रामकिशोर दोगने ने सांसद पाटिल के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और उनके पद का सम्मान किया जाना चाहिए।

दोगने ने कहा कि यदि बीजेपी इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करेगी तो कांग्रेस भी उसी अंदाज में जवाब देगी। उन्होंने सांसद की ‘सर्कस’ वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी के दौरे को छात्रों से जुड़े मुद्दों से जोड़कर पेश किया।

पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक ने साधा निशाना

विधायक रामकिशोर दोगने ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक बयानबाजी में गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश में पेपर लीक समेत छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों के अधिकारों की बात उठा रहे हैं।

दोगने के मुताबिक, इंदौर में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम देशभर के छात्रों की समस्याओं और उनकी आवाज को मंच देने का प्रयास है।

राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी अब मध्य प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बनी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *