September 15, 2026

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में रीवा-सीधी हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बदबार स्टैंड के पास बस और बल्कर की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और गंभीर घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

हादसे पर CM मोहन यादव ने जताया दुख

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा-सीधी हाईवे पर हुए हादसे को अत्यंत हृदय विदारक बताया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख, गंभीर घायलों को 1-1 लाख

सीएम मोहन यादव ने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रत्येक व्यक्ति को 1 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

बस में सवार थे 43 यात्री

जानकारी के मुताबिक, हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर बदबार स्टैंड के पास हुआ। सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से आ रहे बल्कर के बीच आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रशासन के अनुसार बस में करीब 43 यात्री सवार थे। हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें एंबुलेंस और अन्य वाहनों से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत-बचाव अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया।

हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया।

हादसे से इलाके में शोक

भीषण सड़क दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना देने और घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *