ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। जांच में सूचना अफवाह निकली। पुलिस ने कंट्रोल रूम में कॉल करने के आरोप में भिंड जिले के गोहद क्षेत्र से सूरज पाल को गिरफ्तार किया है।

कंट्रोल रूम में कॉल के बाद स्टेशन पर तलाशी
पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन कर ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना दी थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस बल स्टेशन पहुंचा।
बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने स्टेशन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अन्य संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद स्थिति सामान्य घोषित की गई।
कॉल की लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने कॉल करने वाले मोबाइल नंबर की जांच और लोकेशन ट्रेसिंग शुरू की। शुरुआती जांच में कॉल भिंड जिले से किए जाने की जानकारी मिली। ग्वालियर पुलिस ने भिंड पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद आरोपी की पहचान सूरज पाल निवासी ऐंडोरी, गोहद के रूप में हुई। भिंड पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने फर्जी सूचना किस उद्देश्य से दी थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।