November 5, 2026

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ठगी का एक मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने पार्सल में 2 से 3 लाख रुपये होने का लालच देकर 59 वर्षीय महिला से सोने-चांदी के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने महिला को काले कपड़े में सिली कागजों की गड्डी थमा दी और उसके असली जेवर लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पार्सल में लाखों रुपये होने का दिया झांसा

मामला दही मंडी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, बारिशी बेगम (59) अपने बेटे के घर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने पार्सल पहुंचाने के बहाने उन्हें रोका। कुछ देर बाद दो महिलाएं भी वहां पहुंच गईं।

तीनों आरोपियों ने महिला को बताया कि पार्सल में 2 से 3 लाख रुपये हैं। इसके बाद वे उन्हें दानाओली स्थित जैन मंदिर के पास ले गए। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपने सोने और चांदी के जेवर उन्हें दे दिए। इनमें सोने का पेंडल, 10 सोने के मोतियों वाली माला, सोने के टॉप्स और चांदी की छह चूड़ियां शामिल थीं।

काले कपड़े में बंधी गड्डी में मिले कोरे कागज

जेवर लेने के बाद बदमाशों ने महिला को काले कपड़े में बंधी एक गड्डी थमा दी। महिला जब घर पहुंचीं और गड्डी खोलकर देखी, तो उसमें रुपये की जगह कोरे कागज निकले। ठगी का पता चलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एडिशनल एसपी जयराज कुबेर के मुताबिक, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *