November 18, 2026

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के भाषण का एक अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें नड्डा संबोधन के दौरान एक बार ‘लोकतंत्र बचाओ’ की जगह ‘लोकतंत्र हटाओ’ कहते सुनाई दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने यह वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर साझा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।

संबोधन के दौरान फिसली जुबान

दुर्ग में शुक्रवार को आयोजित रैली को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा से बोलने के दौरान यह चूक हुई। उन्होंने एक बार ‘लोकतंत्र बचाओ’ की जगह ‘लोकतंत्र हटाओ’ कह दिया। उनके भाषण का यही हिस्सा अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

कांग्रेस ने वीडियो साझा कर भाजपा पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए तंज कसा कि भाजपा नेताओं के मन की बात अब जुबान पर आने लगी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा देश से लोकतंत्र को हटाने की दिशा में काम कर रही है।

कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान

कांग्रेस इन दिनों देशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली भी आयोजित की थी। कांग्रेस का आरोप है कि देश में संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं और इसके लिए भाजपा तथा केंद्र सरकार जिम्मेदार हैं।

भाजपा ने कांग्रेस के अभियान के जवाब में की रैली

दूसरी ओर, भाजपा कांग्रेस के अभियान के जवाब में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में जेपी नड्डा शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। इसी भाषण के दौरान हुई जुबानी चूक को कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुद्दा बनाया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *