धमतरी: स्वतंत्रता दिवस के दौरान वायरल हुए भाजपा के झंडे वाले वीडियो को लेकर चल रहा सियासी विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। कुरूद विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और लोकगायिका एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ जिला सत्र न्यायालय में याचिका दायर की है। चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि पुराने वीडियो को 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई।

22 मार्च के पुराने वीडियो को 15 अगस्त का बताने का आरोप
चंद्राकर के मुताबिक, वायरल वीडियो वास्तव में 22 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का है। उनका कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन इस पुराने वीडियो को नए संदर्भ के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
वायरल वीडियो में चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे। बाद की पड़ताल में सामने आया कि वीडियो 15 अगस्त का नहीं था। वहीं 15 अगस्त 2026 को चंद्राकर धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।
दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में धमतरी पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (35) को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार दोनों सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम जिल्दी के रहने वाले हैं।
पुलिस का आरोप है कि भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम का मूल वीडियो डाउनलोड कर उसे एडिट किया गया और स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे और पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य मिलने का भी दावा किया है।
सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR
वायरल वीडियो को लेकर रायपुर के सिविल लाइन थाने में सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर समेत अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ शिकायत की गई थी। पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर जीरो FIR दर्ज कर मामले को धमतरी स्थानांतरित किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 336(4), 353(2) और 196 के तहत जांच शुरू की है। आरोपों की पुष्टि और वीडियो के स्रोत तथा उसके प्रसार की भूमिका की जांच पुलिस स्तर पर जारी है।
अब मानहानि याचिका पर आगे की सुनवाई
अजय चंद्राकर की ओर से दायर याचिका के बाद मामला अब न्यायिक प्रक्रिया के अगले चरण में पहुंच गया है। चंद्राकर ने वीडियो को गलत संदर्भ में प्रसारित किए जाने से उनकी छवि प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। अब अदालत में याचिका पर आगे की कार्यवाही और संबंधित पक्षों की दलीलें सामने आएंगी।