November 11, 2026

सीहोर। शहर के बढ़ियाखेड़ी के पास स्थित अंजनी धाम कॉलोनी में सोमवार को एक मकान में अचानक आग लग गई। हादसा कॉलोनी निवासी छगनलाल के घर में हुआ। आग की चपेट में आकर घर में रखा सामान पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, परिवार को करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और इसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक दिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

देखते ही देखते पूरे घर में फैली आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान के अंदर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घर से उठते काले धुएं और लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय रहवासी मदद के लिए पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की।

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

सूचना मिलने पर सीहोर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी आरिफ खान, उपेंद्र और अतिक ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला। टीम की तत्परता और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे आग आसपास के दूसरे मकानों तक फैलने से रुक गई।

शादी का सामान, नकदी और गहने भी जले

आग में घर में रखा शादी का सामान, नकदी, गहने और खेती-किसानी से जुड़ा जरूरी सामान भी जलकर राख हो गया। इस नुकसान के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *