बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत आज दोपहर बिलासपुर पहुंचे। वे यहां दो दिनों तक प्रवास करेंगे। इस दौरान प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे प्रांत स्तरीय बैठक में भी शामिल होंगे।

इंटरसिटी एक्सप्रेस से पहुंचे बिलासपुर
मोहन भागवत इंटरसिटी एक्सप्रेस से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके आगमन को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन से उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय के लिए रवाना हुआ।
पहले दिन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात
प्रवास के पहले दिन मोहन भागवत की मुलाकात प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से होगी। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, कल प्रांत स्तरीय बैठक आयोजित होगी, जिसमें RSS के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक के बाद मोहन भागवत रात में अमरकंटक एक्सप्रेस से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।
आवासीय विद्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मोहन भागवत के प्रवास को देखते हुए बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय और उसके आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीमें अलर्ट पर हैं।