November 10, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरबा जिले के पसान वन परिक्षेत्र के तेलियामार गांव में 53 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने हॉस्टल की बाउंड्रीवाल तोड़ने के साथ बगीचे और धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं, जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में झुंड से बिछड़ा एक दंतैल हाथी रिहायशी इलाके में घुस गया और कई स्थानों की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। दोनों घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

कोरबा में 53 हाथियों के झुंड ने हॉस्टल में मचाई तबाही

पसान वन परिक्षेत्र के तेलियामार गांव में गुरुवार देर रात 53 हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों ने दीपक मिशन स्कूल के हॉस्टल की बाउंड्रीवाल तोड़ दी और परिसर में घुसकर बगीचे को तहस-नहस कर दिया। हॉस्टल में रह रहे करीब 160 बच्चे हाथियों की चिंघाड़ सुनकर दहशत में आ गए। पूरी रात इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हाथियों ने ग्रामीणों के मकानों और किसानों की तैयार धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के मुताबिक, सैकड़ों एकड़ में लगी फसल हाथियों के रौंदने से प्रभावित हुई है। फसलों को हुए नुकसान से किसानों में नाराजगी है।

कटघोरा वन मंडल में 57 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के अनुसार, कटघोरा वन मंडल में फिलहाल 57 हाथी मौजूद हैं, जिनमें से करीब 53 हाथी पसान क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन अमले के साथ दिन और रात में दो गाड़ियां तथा दो विशेष दल तैनात किए गए हैं।

10 गांवों में मुनादी, मोबाइल पर भेजे जा रहे अलर्ट

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने 10 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। विभाग के मुताबिक, 24 घंटे निगरानी के साथ ‘गज संकेत ऐप’ के माध्यम से ग्रामीणों के मोबाइल पर अलर्ट भेजे जा रहे हैं।

इसके अलावा, कटघोरा स्थित केंद्रीकृत हाथी निगरानी केंद्र से सरपंचों, सचिवों और ग्रामीणों को फोन के जरिए भी हाथियों की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है।

वन मंडल अधिकारी के अनुसार, एक हाथी जंगल से निकलकर हॉस्टल परिसर तक पहुंच गया था। हालांकि, हाथी मित्र दल, ग्रामीणों और वन अमले के संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित वापस जंगल की ओर भेज दिया गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

कुनकुरी में रिहायशी इलाके में घुसा दंतैल हाथी

इधर, जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में झुंड से बिछड़ा एक जंगली दंतैल हाथी रिहायशी इलाके में घुस गया। हाथी ने हॉली क्रॉस मिशन हॉस्पिटल सहित तीन स्थानों की बाउंड्रीवाल तोड़ दी, जिससे क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत फैल गई।

इसके बाद हाथी कुनकुरी के महागिरजाघर चर्च परिसर में पहुंच गया। रविवार को इस चर्च में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। परिसर में हाथी की मौजूदगी देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

लोयला कॉलेज परिसर में हाथी की गतिविधियों पर नजर

जानकारी के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल लोयला कॉलेज परिसर में मौजूद है। वन विभाग का अमला उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति की निगरानी कर रहा है।

कोरबा और जशपुर में हाथियों की इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *