November 10, 2026

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत की है। दुर्लभ बीमारी से पीड़ित रिमोन के महंगे उपचार को लेकर परेशान परिवार को इससे बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित उपचार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

इस मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को स्नेहपूर्वक गोद में उठाया और उसके स्वास्थ्य तथा उपचार के बारे में परिजनों से विस्तार से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज पर होने वाले खर्च की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री बोले- रिमोन के इलाज में नहीं आने दी जाएगी कमी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रिमोन के माता-पिता को ढांढस बंधाते हुए कहा कि बच्चे के स्वास्थ्य की चिंता करना सरकार की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिमोन के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और उसके इलाज के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकार का संबल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है।

दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है 10 वर्षीय रिमोन

सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप 1A) नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों के अनुसार, उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता है, जिस पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण बेटे के महंगे इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना परिवार के लिए मुश्किल था। बच्चे के उपचार में देरी न हो, इसी चिंता के बीच मुख्यमंत्री से मिली आर्थिक सहायता ने परिवार को राहत दी है।

किसान पिता ने कहा- सरकार ने कठिन समय में दिया सहारा

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना उनके परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर था। वे लंबे समय से रिमोन के स्वास्थ्य और उपचार को लेकर चिंतित थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल सहायता स्वीकृत की है। इससे परिवार को भरोसा मिला है कि रिमोन को जरूरी उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अजय कुमार टंडन ने इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े होने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया।

रिमोन ने गीत सुनाकर मुख्यमंत्री को कहा धन्यवाद

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। सहायता मिलने से खुश रिमोन ने मुख्यमंत्री साय को गीत गाकर सुनाया। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक उसका गीत सुना और उसका उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने रिमोन को खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बनी मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है।

इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद मरीज का इलाज बाधित न हो। रिमोन के उपचार के लिए 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत किए जाने से उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। अब परिवार को उम्मीद है कि बच्चे को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *