लोरमी। वनांचल क्षेत्र के ग्राम जमुनाही में शनिवार तड़के हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने ग्रामीणों के मकानों को नुकसान पहुंचाया और खूंटे से बंधे मवेशियों को कुचलकर मार डाला। अचानक हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हालांकि, समय रहते घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर भागने के कारण लोगों की जान बच गई।

तड़के 3 बजे गांव में पहुंचा हाथियों का झुंड
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 3 बजे की है। ग्राम जमुनाही निवासी नीलकंठ यादव ने अचानक हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनी। उन्होंने घर से बाहर निकलकर टॉर्च की रोशनी में देखा तो हाथियों का बड़ा झुंड उनके घर की ओर बढ़ रहा था।
खतरे को भांपते हुए नीलकंठ ने तत्काल पत्नी और बच्चों को जगाया और उनके साथ घर छोड़कर बस्ती के सुरक्षित हिस्से की ओर भाग गए। इस तरह परिवार की जान तो बच गई, लेकिन घर के पास खूंटे से बंधे मवेशी हाथियों की चपेट में आ गए।
मकानों को पहुंचाया नुकसान, मवेशियों की मौत
हाथियों के झुंड ने नीलकंठ यादव के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा आसपास के अन्य ग्रामीणों के घरों को भी नुकसान पहुंचाया। झुंड ने खूंटे से बंधे मवेशियों को पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वन विभाग की टीम मौके पर, मुआवजे की मांग
घटना के बाद जमुनाही और आसपास के वनांचल क्षेत्र में भय का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नुकसान का आकलन शुरू किया।
ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।