रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने पोस्ट हटा दिया और लोगों से माफी मांगी।

वीडियो में पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के मुखौटे पहने दिखे लोग
अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध जताने के लिए एक वीडियो साझा किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहने दो लोग दिखाई दे रहे थे। वीडियो में दोनों की प्रतीकात्मक शादी और उसके बाद ‘हनीमून’ के नाम पर रिकॉर्ड किया गया दृश्य दिखाया गया था।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसकी आलोचना की। पोस्ट को लेकर अमित जोगी की अभिव्यक्ति और विरोध के तरीके पर सवाल उठाए गए। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
अमित जोगी ने पोस्ट हटाकर मांगी माफी
पोस्ट हटाने के बाद अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि ‘हनीमून’ पोस्ट के संदर्भ में उन्हें एहसास हुआ कि वह जिस संदेश को देना चाहते थे, वह उनके विश्वास के मुताबिक अब भी वैध है, लेकिन उसे प्रस्तुत करने का तरीका उचित नहीं था।
उन्होंने लिखा कि अपना मजाक उड़ाकर अपनी बात कहना अलग है, लेकिन ‘हनीमून’ जैसी निजी जगह को विरोध के प्रदर्शन का माध्यम बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते। इसी वजह से उन्होंने पोस्ट हटा दी है।
अमित जोगी ने आगे कहा कि जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे वह हृदय से क्षमा मांगते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यवस्था के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा, लेकिन आगे इसे अधिक सभ्य तरीके से व्यक्त करने की कोशिश करेंगे।
भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने भी की टिप्पणी
इस विवाद पर भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने भी सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमित जोगी पर तीखी टिप्पणी करते हुए उनके माफीनामे को पर्याप्त नहीं बताया। श्रीवास ने पोस्ट में अमित जोगी के मानसिक स्वास्थ्य और कथित नशे को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।