रायपुर। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज बारिश और हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश से धान और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरों के बीच आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने राहत का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में अनावरी रिपोर्ट के आधार पर फसल नुकसान का आकलन किया जाएगा। पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

अनावरी रिपोर्ट के आधार पर होगा नुकसान का आकलन
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि अर्नब चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और हवा की स्थिति बनी हुई है। उनके मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में 44 प्रतिशत बारिश दर्ज होने की जानकारी है और इसे लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, कुछ स्थानों पर धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में अनावरी रिपोर्ट के आधार पर नुकसान का आकलन किया जाएगा। इसके बाद पात्र किसानों को नियमानुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और RBC 6-4 के तहत मुआवजा दिया जाएगा।
पटवारियों की हड़ताल पर मंत्री ने जताई नाराजगी
प्रदेश में पटवारियों की हड़ताल को लेकर भी राजस्व मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों पटवारी पिछले 15 दिनों से हड़ताल पर हैं। मंत्री के मुताबिक, पटवारियों ने व्हाट्सऐप पर आवेदन देकर हड़ताल शुरू कर दी, जबकि उन्हें अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार के सामने रखना चाहिए था।
वर्मा ने कहा कि हड़ताल पर जाने से पहले पटवारियों को सरकार से चर्चा करनी चाहिए थी, ताकि उनकी समस्याओं के समाधान का रास्ता निकाला जा सके।
गिरदावरी का काम प्रभावित होने की आशंका
मंत्री ने कहा कि वर्तमान में धान खरीदी के लिए गिरदावरी का समय चल रहा है। ऐसे में पटवारियों की हड़ताल से राजस्व संबंधी काम प्रभावित होने की आशंका है। गिरदावरी के जरिए फसलों और कृषि भूमि से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाती है, जिसका उपयोग धान खरीदी समेत कई सरकारी प्रक्रियाओं में होता है।