मध्य प्रदेश के आलीराजपुर में बिजली और पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला जलाने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता महेश पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष साबिर बाबा समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, बिना पूर्व सूचना के कार्यक्रम आयोजित करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

बिजली-पानी की समस्या को लेकर किया था प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बिजली और पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता महेश पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया था। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला जलाकर विरोध जताने की कोशिश की गई।
घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(B) के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी है।
पुलिस ने पुतला छीनकर रोका प्रदर्शन
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए पहले से सूचना नहीं दी गई थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पुतला अपने कब्जे में लेकर दहन की कोशिश को रोक दिया।
पुलिस का कहना है कि बिना सूचना इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करने के मामले में अपराध दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में आदिवासी विकास परिषद से जुड़े कांग्रेस नेता महेश पटेल समेत 11 लोगों को नामजद किया गया है।
बिजली-पानी की समस्या से शुरू हुआ विरोध, FIR तक पहुंचा मामला
आलीराजपुर में बिजली और पानी की समस्या को लेकर शुरू हुआ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले में कांग्रेस नेता महेश पटेल और नगरपालिका उपाध्यक्ष साबिर बाबा समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर है।