November 5, 2026

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन प्रवास के दौरान दो शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उनकी अर्थी को कांधा दिया। इसके अलावा उन्होंने वार्ड क्रमांक 22 की दिवंगत पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के निवास पहुंचकर परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

RSS के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार को दी अंतिम विदाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत वरिष्ठ प्रचारक और समाजसेवी विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद मुख्यमंत्री उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और अर्थी को कांधा देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दिवंगत पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के घर पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वार्ड क्रमांक 22 की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर कार्तिक चौक स्थित उनके निवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत पार्षद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन और उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) के अध्यक्ष रवि सोलंकी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत पार्षद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *