सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सरकारी गेहूं की हेराफेरी का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत परिवहन किया जा रहा करीब 275 बोरी गेहूं निर्धारित केंद्र पर पहुंचने के बजाय एक निजी फ्लोर मिल में उतारा जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। अधिकारियों ने फ्लोर मिल को सील कर दिया है, जबकि गेहूं से भरे ट्रक को मोतीनगर थाने में खड़ा कराया गया है।

वेयरहाउस से SPC के लिए निकला था ट्रक
जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर निवासी ट्रक चालक भरत पटेल साईंखेड़ा वेयरहाउस से करीब 275 बोरी गेहूं लेकर रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि रोहित दांगी के निर्देश पर उसे पर्ची देकर विशिष्ट खरीद केंद्र (SPC) पहुंचना था। हालांकि, ट्रक निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बजाय मोतीनगर थाना क्षेत्र के छोटा करीला स्थित MK इंटरप्राइजेज फ्लोर मिल पहुंच गया।
यह फ्लोर मिल गणेश केशरवानी की बताई जा रही है। रात के समय परिसर में ट्रक से गेहूं की बोरियां उतारी जा रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई
मामले की सूचना मिलने पर सीएसपी ललित कश्यप भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग को बुलाया गया। सहायक आपूर्ति अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और मिल में रखे गेहूं से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर अधिकारियों ने फ्लोर मिल को सील कर दिया। ट्रक को मोतीनगर थाने में खड़ा कराया गया है। चालक भरत पटेल के बयान दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
योजना की परिवहन व्यवस्था पर उठे सवाल
मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत सरकारी राशन को निर्धारित उचित मूल्य की दुकानों और केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में सरकारी गेहूं से भरे ट्रक का निर्धारित गंतव्य के बजाय निजी फ्लोर मिल पहुंचना परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस और खाद्य विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि ट्रक का रूट किसके निर्देश पर बदला गया और गेहूं को निजी फ्लोर मिल तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही। वेयरहाउस से लेकर परिवहन और मिल संचालक तक की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में आगे की स्थिति विस्तृत जांच के बाद स्पष्ट होगी।