September 14, 2026

रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दूध, दही, मक्खन समेत सभी खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ऐसे लोगों को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल एनालॉग पनीर ही नहीं, बल्कि सभी खाने-पीने की वस्तुओं में मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे स्टेशन पर 500 किलो पनीर जब्त होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि रेलवे परिसर में होने वाली घटनाओं में अधिकार क्षेत्र की वजह से विभाग को कुछ दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा, “वे अगर डाल-डाल हैं, तो हम पात-पात हैं। खाद्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और सरकार इस पर विचार कर रही है।

2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावे पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के “एक पॉकेट में पेट्रोल और दूसरे में माचिस” है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर ही लगातार अंतर्कलह है और पार्टी केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन पर अमल नहीं कर पाती।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि होने के नाते सुरक्षा संबंधी विषयों पर चिंता जताना उनका दायित्व है। कांग्रेस की आलोचना पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बृजमोहन अग्रवाल से जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभाना सीखना चाहिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *