July 15, 2026

कटघोरा वनमंडल में जलाशय में अठखेलियां करते दिखे 13 हाथियों का दल

छत्तीसगढ़ के कटघोरा वनमंडल से वन्यजीवों का एक मनमोहक दृश्य सामने आया है। ऐतमा नगर परिक्षेत्र के अंतर्गत सलिहाभाठा जलाशय में 13 हाथियों का एक दल भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पानी में उतरकर अठखेलियां करता नजर आया।

कटघोरा वनमंडल में पिछले काफी समय से लगभग 50 हाथियों का बड़ा झुंड विचरण कर रहा है। इसी दौरान इस दल का एक हिस्सा सलिहाभाठा जलाशय पहुंचा, जहां हाथियों ने लंबे समय तक पानी में स्नान और जलक्रीड़ा की।

वीडियो में कुछ विशालकाय हाथी अपनी सूंड से सूखी मिट्टी और धूल उड़ाकर अपने शरीर पर डालते भी दिखाई दिए। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इसे ‘डस्ट बाथ’ (धूल स्नान) या ‘मड बाथ’ कहा जाता है, जो हाथियों को शरीर ठंडा रखने, धूप से बचाव करने और मच्छरों व अन्य कीड़ों से त्वचा की सुरक्षा में मदद करता है।

नन्हे शावकों सहित पूरे झुंड की इस अनोखी गतिविधि का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि, जलाशय के आसपास बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों को सतर्क रहने, जलाशय के पास न जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति से बचा जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *