रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय किसान संघ के बैनर तले हजारों किसानों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर ‘अन्नदाता गर्जना’ रैली निकाली। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन के बाद किसान महानदी भवन मंत्रालय का घेराव करने के लिए रवाना हुए। हालांकि, पुलिस ने रेलवे ब्रिज के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इससे नाराज किसान सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

जानकारी के मुताबिक, पिछले एक घंटे से किसान सड़क पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय किसान संघ के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह ने बताया कि किसान अपनी 10 प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
किसानों की 10 प्रमुख मांगें
भारतीय किसान संघ ने सरकार के सामने कृषि, सिंचाई, समर्थन मूल्य, भुगतान और गौ संरक्षण से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
- गौ संरक्षण: गौवंदन योजना लागू की जाए और जी-राम-जी योजना को गौ संरक्षण से जोड़ा जाए।
- बकाया भुगतान: वर्ष 2022-23 के धान खरीदी का बकाया 1,700 करोड़ रुपये तत्काल दिया जाए।
- समर्थन मूल्य: धान की खरीदी 3,358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो और फल-सब्जी उत्पादक किसानों को भी कृषक उन्नति योजना में शामिल किया जाए।
- धान खरीदी अवधि: धान खरीदी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक की जाए। तौल की सीमा 40 किलो 700 ग्राम निर्धारित हो।
- फसल मुआवजा: बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जाए।
- टोकन व्यवस्था: बड़े किसानों को 5, लघु किसानों को 3 और सीमांत किसानों को 2 टोकन दिए जाएं।
- सिंचाई परियोजनाएं: अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जाए और पैरी हाईडैम को मंजूरी दी जाए।
- खाद की कीमत: निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
- भूमि अधिग्रहण: उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुसार भूमि अधिग्रहण किया जाए।
- फसलों की खरीदी: मक्का और गेहूं की भी समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाए।
मंत्रालय घेराव से पहले ही रोक दिए गए किसान
तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन के बाद किसान मंत्रालय का घेराव करने निकले थे, लेकिन रेलवे ब्रिज के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उनका रास्ता रोक दिया। इसके बाद किसान सड़क पर ही बैठ गए और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।
किसानों का कहना है कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर समाधान करना चाहिए। फिलहाल मौके पर प्रदर्शन जारी है।