रायपुर। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज के अवसर पर स्थानीय व्यापार को गति देने और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रदेशव्यापी अभियान ‘आया त्योहार, चलो बाजार – रोशन बाजार, समृद्ध व्यापार’ (वोकल फॉर लोकल) की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में अभियान का शुभारंभ रायपुर के मटकी लाइन, गोल बाजार से किया गया।

इस मौके पर चेम्बर पदाधिकारियों ने स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये और अन्य स्वदेशी उत्पाद खरीदकर अभियान का औपचारिक श्रीगणेश किया।
स्थानीय बाजारों से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था : सतीश थौरानी
अभियान के शुभारंभ पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि त्योहारों की असली रौनक ऑनलाइन स्क्रीन पर नहीं, बल्कि पारंपरिक बाजारों की चहल-पहल में होती है। स्थानीय बाजार मजबूत होंगे, तभी प्रदेश की अर्थव्यवस्था समृद्ध होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस दीपावली घर-आंगन को चाइनीज लाइटों के बजाय कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीयों से रोशन करें। साथ ही जरूरत का सामान स्थानीय दुकानदारों और स्वदेशी निर्माताओं से ही खरीदें।
प्रमुख बाजारों का निरीक्षण करेगा चेम्बर प्रतिनिधिमंडल
त्योहारी सीजन में बाजारों की व्यवस्था को लेकर सतीश थौरानी ने बताया कि अभियान के तहत चेम्बर का विशेष प्रतिनिधिमंडल रायपुर शहर के सभी प्रमुख और व्यस्त बाजारों का लगातार दौरा एवं निरीक्षण करेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी या असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि चेम्बर शासन और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेगा। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
व्यापारियों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील
चेम्बर ने सभी व्यापारियों से व्यावसायिक नियमों का पालन करने और सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि इससे बाजारों में आने वाले ग्राहकों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल मिल सकेगा।
गोलबाजार के तीन व्यापारी चेम्बर के नए मंत्री मनोनीत
कार्यक्रम के दौरान चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने गोलबाजार के विवेकानंद गुप्ता, कलीराम साहू और मोहम्मद अजीज ममदानी को चेम्बर का नया मंत्री मनोनीत किया। पदाधिकारियों ने इसे संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम बताया।
कार्यक्रम में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, राजेश वासवानी, गोलबाजार पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मुरली शर्मा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, राजकुमार तारवानी, दिलीप इसरानी, प्रकाश लालवानी, मनीष प्रजापति, राजेश गिदवानी, राजकुमार राठी, मंत्री प्रशांत गुप्ता, भरत पमनानी, पंकज जैन, सतीश बागड़ी, गुलाब चन्द्र साहू, विवेकानंद गुप्ता और मोहम्मद अजीज ममदानी उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल, मर्चेंट एसोसिएशन गोलबाजार के अध्यक्ष सतीश जैन, महामंत्री कलीराम साहू तथा गोलबाजार व्यापारी संघ से धनराज जैन, दिनेश साहू और कन्हैया सचदेव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।