November 5, 2026

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाहल्दा ग्राम पंचायत के सचिव कृष्ण देव पटेल को कथित तौर पर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। आरोप है कि सचिव ने एक निजी स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की थी।

लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की योजना बनाई और कार्रवाई के दौरान सचिव को रिश्वत की रकम लेते पकड़ा। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के लिए मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, ग्राम नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान खंडवा जिले में संचालित एक निजी स्कूल के संस्थापक हैं। स्कूल का संचालन उनके पुत्र करते हैं।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, ग्राम पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सचिव ने स्कूल पर करीब 2 लाख 20 हजार रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया बताया था।

शिकायतकर्ता ने इस मांग से परेशान होकर 5 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय, इंदौर में शिकायत दर्ज कराई।

मेडिकल चौराहे के पास रिश्वत लेते पकड़ा

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने 9 अक्टूबर को ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने सचिव कृष्ण देव पटेल को कथित तौर पर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।

इस कार्रवाई को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने अंजाम दिया। टीम में निरीक्षक प्रतिभा तोमर सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *